मांगों को लेकर आरा नगर निगम कर्मियों की एकदिवसीय हड़ताल, 15 मई से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
आरा नगर निगम के कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। हड़ताल के कारण नगर निगम के कई कार्य प्रभावित रहे। कर्मचारी संघ की अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने कहा कि निगम प्रशासन को 15 दिन पहले ही छह सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर ठोस पहल नहीं की गई।

उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में अस्थायी कर्मियों को छठे वेतनमान की अंतर राशि और सातवें वेतनमान का लाभ देना शामिल है। इसके अलावा संविदा पर कार्यरत महिला एवं पुरुष कर्मचारियों को स्थायी करने तथा उनके वेतन में बढ़ोतरी की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि मात्र 12 हजार रुपये मासिक वेतन में कर्मचारियों का परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है।
संघ अध्यक्ष ने कहा कि सभी कर्मचारियों को एसीपी का लाभ दिया जाए और बिना कारण कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की प्रथा बंद हो। अगर किसी कर्मचारी से गलती होती है तो पहले उसे कारण बताओ नोटिस देकर सफाई का मौका मिलना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर निगम प्रशासन और मेयर कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते हैं, तो 15 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि तब पूरा शहर देखेगा कि नगर निगम कर्मचारी कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आरा से नेहा गुप्ता की रिपोर्ट।